जबलपुर:गढ़ा थाना अंतर्गत मदनमहल चौक में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते ऋषभ राजपूत (16) निवासी सिद्धबाबा, लाल माटी घमापुर की हत्या करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिफ्तार कर रविवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है । जबकि तीन आरोपित अब भी फरार है जिनकी तलाश जारी है।विदित हो कि ऋषभ राजपूत (16) निवासी सिद्धबाबा, का मोटर सायकिल से अपने दोस्तों के साथ मदनमहल क्षेत्र स्थित शुभम अस्पताल के पास गया था।
शुक्रवार एवं शनिवार की दरम्यिानी रात्रि डेढ़ बजे पहले से घात लगाए यशराज पटेल ने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर ऋषभ पर चाकुओं से हमला कर दिया था। हमलावरों ने उसके सीने और पेट पर कई वार किए थे। बीच बचाव करने के दौरान उसके दोस्त रितिक पर भी चाकुओं से हमला किया। हमले में ऋषभ की मौत हो गई थी और हमलावर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की तो यह बात सामने आई कि वारदात प्रेेम प्रसंग के चलते हुई थी।
यश राज पटेल की एक युवती से दोस्ती थी। लेकिन बाद में युवती ने उससे दूरी बना ली थी और ऋषभ से नजदीकियां बढ़ा ली थी। इसी के चलते यश राज ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऋषभ को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर यशराज पटेल और उसके साथी अमन कटारिया, अंशु धुर्वे उर्फ अंशराज को गिरफ्तार किया। जबकि निखिल पटेल, युवराज उर्फ युवी, रोहन ठाकुर फरार है जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है ।
