रीवा: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सभी अधिकारी सौ दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करें. संतुष्टिपूर्वक आवेदन निराकृत करके विभाग की रैंकिंग में सुधार करें. कार्यालय प्रमुख स्वयं आवेदकों से प्रकरण के संबंध में चर्चा करें. राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, पीएचई, नगरीय निकाय तथा स्वास्थ्य विभाग सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें.
कलेक्टर ने कहा कि जिले में दो विकासखण्ड आकांक्षी योजना में शामिल हैं. इन विकासखण्डों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विकास तथा जनजातीय कार्य विभाग के निर्धारित बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही करें. निर्धारित सूचकांकों की जानकारी पोर्टल पर तत्काल अपडेट कराएं. आकांक्षी विकासखण्डों के कार्यों की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी. कलेक्टर ने कहा कि कृषि उत्पादन आयुक्त की चार नवम्बर को प्रस्तावित बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं की विभागवार जानकारी आज ही प्रस्तुत कर दें. उप संचालक कृषि गत बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें.
जिले भर में जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को नरवाई न जलाने के लिए प्रेरित करें. नरवाई प्रबंधन के लिए सुपर सीडर तथा अन्य कृषि उपकरणों के उपयोग के लिए किसानों को उचित सलाह दें. साथ ही नरवाई जलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई भी करें. बैठक में वन मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
