इंदौर-दाहोद रेल परियोजना में बड़ी छलांग, टीही से धार तक 130 की रफ्तार से दौड़ा इलेक्टि्रक इंजन

इंदौर. इंदौर से धार के बीच रेल कनेक्टिविटी का सपना अब एक और कदम आगे बढ़ गया है. इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत नवनिर्मित टीही-धार रेलखंड पर सोमवार को पहली बार इलेक्टि्रक इंजन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ा. चार चरणों में हुए इस स्पीड ट्रायल के सफल रहने के बाद अब सबकी निगाहें 5 और 6 नवंबर पर टिक गई हैं. इन दो दिनों में रेल संरक्षा आयुक्त सीआरएस इस रेलखंड का सुरक्षा निरीक्षण करेंगे. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां रेल परिचालन शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण रास्ता खुलेगा.
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस परीक्षण में इलेक्टि्रक लोको को अलग-अलग गति पर चलाकर ट्रैक की क्षमता परखी गई। मुख्य अभियंता निर्माण, चर्चगेट धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में पहले टीही से धार के बीच 30 और वापसी में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से परीक्षण हुआ. इसके बाद गति बढ़ाकर टीही से धार के बीच 110 और धार से टीही के बीच अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचाई गई.

130 की रफ्तार पर परखी ट्रैक और बिजली लाइन की क्षमता
यह केवल इंजन की रफ्तार जांचने का परीक्षण नहीं था, बल्कि नए रेलखंड की तकनीकी तैयारियों को परखने का महत्वपूर्ण चरण भी था. ट्रायल के दौरान नवनिर्मित रेल ट्रैक, 25 केवी एसी ओवरहेड इलेक्टि्रक लाइन और सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता जांची गई. विद्युतीकरण पूरा होने के बाद इलेक्टि्रक लोको का सफल परीक्षण परियोजना के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

अब सीआरएस की नजर में होगा पूरा रेलखंड
5 और 6 नवंबर को पश्चिम परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास टीही-धार रेलखंड का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान ट्रैक, रेल संरचनाओं, सिग्नलिंग और विद्युत व्यवस्थाओं की सुरक्षा संबंधी जांच होगी। निरीक्षण के दौरान 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इलेक्टि्रक लोको का ट्रायल भी प्रस्तावित है. सीआरएस निरीक्षण इस रेलखंड पर यात्री और मालगाड़ी परिचालन की दिशा में अहम प्रक्रिया है, इसके निष्कर्ष और आवश्यक सुरक्षा स्वीकृति के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.

Next Post

दिल्ली में ग्रैप-2 लागू : मेट्रो लगाएगी 40 अतिरिक्त फेरे

Tue Nov 3 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंचने के बाद सोमवार को तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण (ग्रैप-2) लागू कर दिया गया है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर अंकुश लगाने और सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव […]

You May Like