
सीधी । जिले के सेमरिया बाजार में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे हायर सेकेंडरी स्कूल के समीप बाइक और ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झगरहा निवासी सुजीत रावत 18 वर्ष और विष्णु रावत 22 वर्ष बाइक से सेमरिया बाजार से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्कूल के पास सामने से आए ऑटो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक का पैर टूट गया तथा सिर में भी गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे युवक के सीने और पीठ में चोटें पहुंची हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासी कुबेर तोमर ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया पहुंचाया।
