सतना: आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने रविवार को जगतदेव तालाब पहुंचकर चल रहे विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब से जलकुंभी, कचरा और गंदगी हटाने के कार्य की प्रगति देखी तथा दो माह के भीतर पूरे तालाब की सफाई का लक्ष्य निर्धारित किया।सफाई कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके लिए स्वच्छता की एक टीम नियमित रूप से तैनात रहेगी, जबकि गहरे पानी वाले हिस्सों की सफाई में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल का सहयोग लिया जाएगा। नगर निगम द्वारा तीन दिन से चलाए जा रहे सफाई अभियान के तहत फिलहाल प्रारंभिक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आयुक्त ने मौके पर सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कार्य में निरंतरता बनाए रखने और चरणबद्ध तरीके से पूरे तालाब की सफाई करने के निर्देश दिए। तालाब की सफाई एक व्यापक कार्य है, जिसे नियमित प्रयासों और नागरिकों के सहयोग से पूरा किया जाएगा। आयुक्त स्वयं प्रतिदिन अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जगतदेव तालाब से संबंधित प्रकरण में उच्च न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावशील है। तालाब नगर निगम के स्वामित्व में नहीं होने के कारण निगम अपने मद से इसकी सफाई पर राशि खर्च नहीं कर सकता। इस स्थिति में अत्याधुनिक मशीनों से सफाई कराना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में उपलब्ध संसाधनों और जनसहयोग से सफाई अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
नगरवासियों से किया आह्वान
आयुक्त ने शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं से सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इच्छुक नागरिक प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक जगतदेव तालाब पहुंचकर नगर निगम के स्वच्छता कर्मचारियों के साथ श्रमदान कर सकते हैं। आयुक्त ने कहा कि तालाब शहर की महत्वपूर्ण जलधरोहर है और इसे स्वच्छ रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से अभियान में जुड़ने की अपील की, ताकि जनसहयोग से तालाब की सफाई निर्धारित अवधि में पूरी की जा सके।
