होर्मुज, होर्मुज में वाणिज्यिक जहाज लगातार तनाव का शिकार हो रहे हैं। दो टैंकर कथित तौर पर नौसैनिक बारूदी सुरंगों (नेवल माइन्स) से टकराकर विस्फोट का शिकार हो गए।
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में टैंकर लगातार शिकार हो रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना का दावा है कि यहां से एक अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश के दौरान, दो तेल टैंकर (जिनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल है) कथित तौर पर नौसैनिक बारूदी सुरंगों (नेवल माइन्स) से टकराकर विस्फोट का शिकार हो गए। ‘प्रेस टीवी’ के अनुसार, IRGC नौसेना के जनसंपर्क कार्यालय के एक बयान में बताया गया है कि एक जोरदार विस्फोट के बाद टैंकरों में से एक में आग लग गई।
यूके की ओर से जानकारी दी गई
ईरानी नौसेना का आरोप है कि इन दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और पहचान प्रणालियों (आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) को बंद कर दिया था और प्रतिबंधित रास्तों का इस्तेमाल न करने की बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया था। इस बीच, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने इस रणनीतिक जलमार्ग में एक व्यापारिक जहाज पर हमले की सूचना दी है। 1 नवंबर को जारी एक चेतावनी में, UKMTO ने कहा कि उसे होर्मुज जलडमरूमध्य में लगभग 1509 UTC पर एक घटना होने की रिपोर्ट मिली है।
सऊदी ने घटना की जानकारी दी
UKMTO ने बताया कि एक व्यापारिक जहाज के कैप्टन ने VHF चैनल 16 पर ‘मेडे’ कॉल करके जानकारी दी है कि किसी अज्ञात वस्तु के टकराने से एक अन्य जहाज क्षतिग्रस्त हो गया है। समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है, जबकि अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। बाद में, सऊदी अरब ने एक बयान जारी कर अरब की खाड़ी में ‘अल मायदा’ (Al Mayeda) नामक लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) कैरियर को निशाना बनाए जाने की निंदा की। यह जहाज ‘कतर गैस ट्रांसपोर्ट कंपनी’ का है।
अंतर्राष्ट्रीय कानून बनाने की अपील
‘X’ पर जारी एक बयान में, सऊदी विदेश मंत्रालय ने समुद्री आवाजाही और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए खतरा पैदा करने वाली ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा की। साथ ही, उन्होंने कतर के प्रति एकजुटता जताई और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों को बनाए रखने के लिए तत्काल अंतरराष्ट्रीय कदम उठाने का आह्वान किया। ये ताजा घटनाएं, 30 अक्टूबर को ओमान के खसाब से लगभग 25 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक टैंकर पर हुए हमले की UKMTO की रिपोर्ट के कुछ दिनों बाद सामने आई हैं।
चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित
एजेंसी के अनुसार, एक छोटी नाव जहाज के पास आई और उसके ढांचे (हल) पर पानी की सतह के ऊपर दो विस्फोटक उपकरण लगा दिए, जिससे इंजन रूम में आग लग गई और टैंकर कुछ समय के लिए निष्क्रिय हो गया। बाद में पुष्टि हुई कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और पर्यावरण पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी अरब की खाड़ी में कतरी LNG कैरियर ‘अल मायदा’ को निशाना बनाए जाने की निंदा की है।
