
इंदौर. रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित पहचान नशा मुक्ति केंद्र से गए करीब 70 युवकों में से 50 से अधिक का पता लगा लिया है. पुलिस और एनजीओ की टीमों ने इन युवकों और उनके परिजनों से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई है. वहीं, अब भी 15 से 20 युवक ऐसे हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो पाया है. उनकी जानकारी जुटाने के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं.
दरअसल, कुछ समय पहले पहचान नशा मुक्ति केंद्र में सत्येंद्र लोधी नामक युवक ने आत्महत्या कर ली थी. इस घटना के बाद केंद्र में पुलिस कार्रवाई और अन्य व्यवस्थाओं के बीच करीब 70 युवक वहां से चले गए थे. इसके बाद से ही पुलिस और केंद्र का संचालन करने वाली संस्था इन युवकों की जानकारी जुटा रही है. अब तक 50 से अधिक युवकों और उनके परिजनों से संपर्क हो चुका है. बाकी युवकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. जिन युवकों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है, उनका अलग से विवरण तैयार किया जा रहा है. इस संबंध में केंद्र का संचालन करने वाली संस्था की ओर से पुलिस को जल्द ही लिखित आवेदन भी दिया जाएगा. इसमें उन युवकों की जानकारी रहेगी, जिनसे संपर्क नहीं हो सका है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस के पास भी पूरे मामले का रिकॉर्ड उपलब्ध हो सकेगा. वहीं, सत्येंद्र लोधी की आत्महत्या के मामले में पुलिस पहले ही मर्ग कायम कर जांच शुरू कर चुकी है. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि केंद्र से गए युवकों की जानकारी जुटाई जा रही है. 50 से अधिक लोगों से संपर्क हो चुका है, जबकि बाकी लोगों से संपर्क करने के प्रयास जारी हैं. पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है.
