मुरैना में नशे के 2856 इंजेक्शन जब्त

मुरैना। कोतवाली पुलिस ने ग्राहक बनकर पहले नशे के इंजेक्शन खरीदे और फिर पुरानी हाउसिंग बोर्ड स्थित एक मकान पर छापा मारकर 2856 इंजेक्शन जब्त कर लिए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त इंजेक्शनों की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए बताई गई है।

पिछले एक पखवाड़े में मुरैना के मेडिकल स्टोर से अवैध तरीके से टर्मिन इंजेक्शन बेचे जाने के दो वीडियो वायरल हुए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग दो मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई भी कर चुका है। एसपी धर्मराज मीना को सूचना मिली थी कि पुरानी हाउसिंग बोर्ड के एक मकान से नशे के इंजेक्शन का अवैध कारोबार किया जा रहा है और वहां बड़ी खेप रखी हुई है।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर भेजने की रणनीति बनाई। कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने एसआई अरुण कुशवाह और एसआई पवन भदौरिया को सादा कपड़ों में ग्राहक बनाकर मकान पर भेजा। यह मकान विक्रम नगर निवासी ईशान वर्मा ने किराए पर ले रखा था। ईशान ने पुलिसकर्मियों को इंजेक्शन बेच दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। पुलिस को मकान के अंदर 106 पैकेट, तीन कार्टन और एक प्लास्टिक के बोरे में कुल 2856 इंजेक्शन मिले। इनमें टर्मिन और उससे मिलते-जुलते इंजेक्शन शामिल थे। मौके से ईशान वर्मा के अलावा मयंक गुप्ता और अनिल उर्फ बाबी गुप्ता को भी पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी बिना किसी मेडिकल या दवाओं के भंडारण संबंधी लाइसेंस के इंजेक्शनों का कारोबार कर रहे थे।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इंजेक्शनों की सप्लाई उत्तर प्रदेश के आगरा से मिलती थी। आगरा के रामबाग में रहने वाला हामिद खान उनसे पैसे लेकर मांग के अनुसार इंजेक्शनों की खेप मुरैना भेजता था। पुलिस अब हामिद खान की तलाश में जुट गई है। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

Next Post

बनारस से आई मिठाई और मिल्क केक जब्त 

Sun Nov 1 , 2026
रीवा, मिलावट से मुक्ति अभिजन के अंतर्गत कलेक्टर रीवा के निर्देश पर दीपावली त्योहार के दृष्टिगत जिले में बाहर से आने वाली मिठाइयाँ एवं मावा की जांच एवं रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सूचना प्राप्त होने पर न्यू बस स्टैंड रीवा में गौतम ट्रैवल्स […]

You May Like