नयी दिल्ली, 01 नवंबर (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के जरिये मोदी प्रधानमंत्री बने है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पद से हटेंग और वह जेल जाएंगे।
श्री गांधी ने कहा संविधान से बड़ा कोई नहीं है और देश के लोकतंत्र को नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से देश में वोट चोरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव 2024 और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में मतदाता सूची से नाम काटकर वोट चोरी की गई। उन्होंने कहा कि करीब 13.5 करोड़ मतदाताओं को सूची से बाहर किया गया है और 2024 के बाद भी मतदाताओं के नाम काटे गए।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पद से हटना होगा और जेल जाना होगा। श्री गांधी ने आरोप लगाया कि उनके बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन सकते थे। उन्होंने बेरोजगारी और निजीकरण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवा और मजदूर रोजगार के लिए परेशान हैं, जबकि देश की संपत्ति अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों के पास जा रही है।
श्री गांधी ने कहा कि यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि जनता की आवाज का आंदोलन है।उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष हिंसा में विश्वास नहीं करता और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

