सीईटीआई गेट के पास मिले युवक की हुई शिनाख्त, एनसीएल झिंगुरदह में था असिस्टेंट मैनेजर

सिंगरौली:मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीईटीआई कॉलोनी के समीप शनिवार देर शाम रेलवे फाटक से महज 20 से 25 मीटर की दूरी पर मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान रजत प्रताप सिंह पिता शिव कुमार के रूप में हुई है। वह मूलतः उत्तर प्रदेश के कानपुर के आसपास का निवासी बताया जा रहा है तथा एनसीएल के झिंगुरदह परियोजना में ई एंड एम (E&M) विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

मृतक की पहचान उसके पास से मिले एनसीएल के पहचान पत्र के आधार पर हुई। पुलिस के अनुसार रजत एनसीएल झिंगुरदह परियोजना क्षेत्र में ही निवास करता था। ऐसे में उसका सीईटीआई गेट के समीप रेलवे ट्रैक तक पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है। सबसे अहम बात यह है कि मृतक का मोबाइल फोन घटनास्थल अथवा उसके पास से नहीं मिला है। युवक झिंगुरदह से मोरवा कैसे पहुंचा और घटना से पहले वह किन परिस्थितियों में था, फिलहाल यह पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है।
परिजनों के सिंगरौली पहुंचने का इंतजार
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अपने बेटे की असमय मौत की खबर सुनकर परिजन बदहवास हो गए और सिंगरौली के लिए रवाना हो रहे हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

मोबाइल की तलाश और सीडीआर से खुल सकते हैं राज
घटना को लेकर आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक का मोबाइल फोन बरामद करना जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस मोबाइल की तलाश के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि घटना से पहले रजत ने किन लोगों से बातचीत की थी और उसकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं। फिलहाल पुलिस के लिए यह पता लगाना प्राथमिकता है कि युवक रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत किन हालात में हुई।

Next Post

बारिश के बाद बदला मौसम, कोहरे की चादर में लिपटा विदिशा; ठंड ने दी दस्तक

Sun Nov 1 , 2026
विदिशा में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रविवार सुबह पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। सुबह से छाई धुंध के कारण लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। दरअसल, दो दिन पहले हुई बारिश के बाद मौसम में यह बदलाव […]

You May Like