सतना : घटते जल स्तर की समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर के सभी वार्डों में वाटर रिचार्जिंग के लिए वाटर हार्वेस्टिंग पिट बनाया जाएगा. इस कार्य का आगाज सोमवार को वार्ड क्र. 7 से कर दिया गया.शहर में चौतरफा बढ़ रहे कांक्रीट के निर्माण की वजह से ऐसे खली स्थान कम होते जा रहे हैं जहां पर जल संचयित होता हो. नतीजतन पहले से ही काफी नीचे जा चुका जल स्तर धीरे धीरे और घटता जा रहा है.
इस समस्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में वाटर हार्वेस्टिंग पिट बनाए जाने का कार्य आरंभ किया जा रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को शहर के वार्ड क्र. 7 में दुर्गा पार्क में वाटर हावेस्टिंग पिट का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया गया. इस निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान एमआईसी सदस्य आदित्य यादव, नेता प्रतिपक्ष पनि मिथिलेश सिंह, पार्षद प्रतिनिधि शारदा तिवारी व भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपेंद्रनाथ त्रिपाठी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर महापौर योगेश ताम्रकार ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में 1 से लेकर 45 वार्ड में विभिन्न पार्क, सार्वजनिक स्थल और नलकूपों के पास जल संचयित होने वाले स्थानों पर वाटर रिचार्जिंग के लिए वाटर हार्वेस्टिंग पिट बनाए जाने से घटते जल स्तर की समस्या में कुछ हद तक कमी आएगी.
