कटनी: मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर कटनी के बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों तथा छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, निगमायुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं पर्यावरणविद् निर्भय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। समारोह के माध्यम से प्रदेश के स्थापना दिवस के महत्व और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित किया गया।
