जबलपुर: क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने 7 किलो 158 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 3 लाख 58 हजार रुपये है।बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सिवनी से बरगी आ रही पवन बस क्रमांक एमपी 50 जेड के 1297 में एक युवक गांजा लेकर आ रहा है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-34 पर सागर ढाबा के पास नाकाबंदी कर बस को रोका।
बस में सवार संदिग्ध युवक दीपक बर्मन (23) निवासी हनुमानताल को हिरासत में लिया गया। उसके पिट्ठू बैग से गांजे के 4 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने गांजे के साथ आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस यह पता लगा रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और किसे बेचने जा रहा था।
