सपा नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने किया गिरफ्तार, अखिलेश बोले – वक्त बदलने पर बदल जाता है तख्त

लखनऊ , 31 अक्टूबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को लगातार मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की साजिश की जा रही है।

अखिलेश ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को याद रखना चाहिए कि जब वक्त बदलता है तो तख्त भी बदल जाता है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि आदरणीय आजम खान के साथ मुकदमों की जो साजिश की जा रही है, उसे केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया देख रही है। किसी उम्रदराज व्यक्ति को इस तरह के बेमानी मुकदमों में फंसाकर बार-बार जेल भेजना बेहद कायराना हरकत है।

उन्होंने सत्तारूढ़ व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि आज की सत्ता जिस गलत रवायत को बढ़ावा दे रही है, समय और परिस्थितियां बदलने पर उसे खुद भी उसका सामना करना पड़ सकता है। उस समय बचकर निकलना आसान नहीं होगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जब नाइंसाफी हद पार कर जाती है तो वह जुल्म करने वालों के लिए ही कहर बन जाती है। उन्होंने आजम खान के साथ हो रही कार्रवाई को निंदनीय बताया।

गौरतलब है कि सपा नेता आजम खान बेटे अब्दुल्ला के साथ 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए, लेकिन जेल के गेट से ही प्रवर्तन निदेशालय ने आजम को गिरफ्तार कर लिया।

प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि आजम ने जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन और ठेकों से जुड़े पैसों का दुरुपयोग किया है। एजेंसी 416.14 करोड़ रुपए के खर्च में अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।

 

Next Post

विरासत का गौरव-विकास की नई उड़ान, अब यही है मप्र की नई पहचान: सीएम डॉ यादव

Sat Oct 31 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश के 71 वें स्थापना दिवस (एक नवम्बर) की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्य के स्थापना दिवस पर अपने संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश एक भौगोलिक इकाई ही नहीं, यह समृद्ध भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, आध्यात्मिक […]

You May Like