
विशेष संवाददाता राजगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को राजगढ़ में व्यापक जनसमर्थन मिला। शुक्रवार को नगर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।
शनिवार सुबह दिग्विजय सिंह ने मां जालपादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उनकी पत्नी अमृता राय भी मौजूद रहीं। उन्होंने नेवज नदी के तट पर धार्मिक अनुष्ठान किए और चुनरी अर्पित की।
इसके बाद यात्रा तंवर समाज के श्रीराम देवराड़ा मंदिर परिसर पहुंची, जहां पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर और समाज के लोगों ने यात्रियों के लिए भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की।
यात्रा दफ्तरी, कालीखेड़ा और टांडी कला जोड़ होते हुए हिरनखेड़ा और कालीपीठ पहुंची। यहां दिग्विजय सिंह ने श्री हनुमान मंदिर में आरती कर पूजा-अर्चना की। रात्रि विश्राम श्री बाल गोपाल विद्या मंदिर स्कूल में रखा गया।
यात्रा का उद्देश्य सत्य, न्याय, करुणा और सद्भाव के मूल्यों को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान के उपयोग में पारदर्शिता तथा कथित दान एवं वोट संबंधी अनियमितताओं पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जा रही है।
विजयादशमी पर 20 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई लगभग 930 किलोमीटर लंबी यह यात्रा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
