
शाजापुर, कलेक्टर एवं जिला सडक़ सुरक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्ट्रेट सभागृह में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा करते हुए सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, सडक़ सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई.
कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने विभिन्न सडक़ निर्माण एजेंसियों के अधीन आने वाले मार्गों पर केबल ऑपरेटर, एनवीडीए, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम सहित अन्य यूटिलिटी एजेंसियों द्वारा बिना अनुमति एवं पूर्व सूचना के की जा रही रोड कटिंग पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी एजेंसी द्वारा संबंधित सडक़ निर्माण विभाग की विधिवत अनुमति के बिना सडक़ की कटिंग नहीं की जाए. बिना अनुमति सडक़ काटने के प्रकरणों में संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए तथा सडक़ को हुई क्षति की भरपाई भी संबंधित एजेंसी से सुनिश्चित कराई जाए. कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने निर्देश दिए कि यूटिलिटी कार्य के लिए सडक़ कटिंग आवश्यक होने की स्थिति में संबंधित विभाग से पूर्व अनुमति प्राप्त की जाए तथा कार्य प्रारंभ करने से पहले सडक़ निर्माण एजेंसी को इसकी सूचना दी जाए. कार्य पूर्ण होने के पश्चात काटे गए सडक़ भाग को निर्धारित मानकों के अनुसार तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि सडक़ क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो तथा आमजन को आवागमन में असुविधा न हो. बैठक में शुजालपुर में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज के दौरान प्रस्तावित यातायात डायवर्जन प्लान पर भी चर्चा की गई. कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने निर्देश दिए कि निर्माण अवधि में शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो तथा वैकल्पिक मार्गों पर सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए. डायवर्जन मार्ग पर आवश्यक संकेतक, बैरिकेडिंग एवं अन्य सडक़ सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने जिले में स्वीकृत महत्वपूर्ण सडक़ परियोजनाओं के भू अर्जन प्रकरणों की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित राजस्व एवं निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि भू अर्जन से संबंधित कार्यवाहियों की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा सीमांकन, प्रतिवेदन एवं अन्य लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए, ताकि स्वीकृत सडक़ परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो. जिले की विभिन्न स्वीकृत सडक़ परियोजनाओं के भू अर्जन एवं सीमांकन की अद्यतन स्थिति बैठक में प्रस्तुत की गई.
