
छिंदवाड़ा. राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस बल द्वारा आज पुलिस लाइन में मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में विशेष बात यह रही कि जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने केवल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन ही नहीं किया, बल्कि स्वयं भी खिलाडिय़ों के साथ दौड़ में शामिल होकर मैराथन पूरी की। इससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। मैराथन का शुभारंभ पुलिस लाइन से होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए पुन: पुलिस लाइन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
आयोजन में अधिकारी और नेतागण रहे उपस्थित ०००००
कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू, उप पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, रक्षित निरीक्षक हर्ष राज यादव, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आशीष धुर्वे, चौकी धर्मटेकड़ी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश बघेल, रक्षित निरीक्षक यातायात संदीप सुनेश, सूबेदार लोहित शेंडे, प्रभारी कंट्रोल रूम डी.एस.शेंडे, पुलिस लाइन ऑफिसर केशव इंगले सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
