एसआईआर को लेकर विपक्ष फैला रहा भ्रम : सांसद कुशवाह

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख नागरिक गोष्ठी बाल भवन में आयोजित की गई। गोष्ठी में मुख्य वक्ता सांसद भारत सिंह कुशवाह ने एसआईआर को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची का अध्ययन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। एसआईआर के माध्यम से चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गलत और दोहरी प्रविष्टियों को हटाकर शुद्धिकरण का कार्य किया है।

सांसद कुशवाह ने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि इस प्रक्रिया के दौरान प्राप्त आपत्तियों का निराकरण कर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का काम भी चुनाव आयोग ने किया है। यह प्रक्रिया मतदाता सूची को व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट और व्यवस्थित जनगणना का लाभ भी समाज के सभी वर्गों को मिलेगा।

उन्होंने विपक्ष पर सदन के भीतर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं करने और विभिन्न मुद्दों पर भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया। कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार के विकास कार्यों और निर्णयों पर सकारात्मक चर्चा करने के बजाय विरोध की राजनीति कर रहा है। हालांकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता ही सभी राजनीतिक दलों के कामकाज का मूल्यांकन करती है।

ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी मजबूती नागरिकों की जागरूकता, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और जनभागीदारी पर निर्भर करती है। राजनीतिक दलों को वैचारिक मतभेद के बावजूद लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रबुद्ध नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचें। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने कहा कि पार्टी का यह अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और राष्ट्रहित के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए जनता के बीच भ्रम की स्थिति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों और सरकार की नीतियों को लेकर आमजन के बीच जाएंगे। उन्होंने प्रबुद्ध नागरिकों से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

गोष्ठी में एडवोकेट, डॉक्टर, शिक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा बनाए रखने तथा समाज में सकारात्मक राजनीतिक संवाद को बढ़ावा देने पर भी विचार रखे गए।

 

इन्होंने कहा…

विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास रखे

विपक्ष को संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने से पहले उनके तथ्यों को समझना चाहिए। एसआईआर जैसी प्रक्रिया मतदाता सूची को व्यवस्थित करने से जुड़ी है। जनता को किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी से प्रभावित होने के बजाय सही तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनानी चाहिए।

 – वरिष्ठ भाजपा नेता, दिनेश बरैया

–विपक्ष विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। जनता अब जागरूक है और सरकार के कार्यों व विपक्ष की नीतियों को समझ रही है। लोकतंत्र में जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है।लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखने और नागरिको तक सही जानकारी पहुंचाने में जागरूक नागरिकों की अहम भूमिका है।

*संजय राजे, पूर्व जिला उपाध्यक्ष, अनु. जाति मोर्चा

Next Post

हार्मर-रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया को रौंदा, दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से सीरीज जीती

Sat Oct 31 , 2026
केप टाउन, 31 अक्टूबर (वार्ता) साइमन हार्मर (छह विकेट) और कगिसो रबाडा (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन शनिवार को ऑस्ट्रेलिया को 176 रनों से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 2-1 […]

You May Like