स्काईरूट एयरोस्पेस के रत्नेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया से कराया रूबरू

सतना :शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में बुधवार को आयोजित प्रेरक संवाद कार्यक्रम में स्काईरूट एयरोस्पेस के जीएनसी (गाइडेंस, नेविगेशन एवं कंट्रोल) अभियंता रत्नेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को स्पेस टेक्नोलॉजी, स्पेस स्टार्टअप, रॉकेट विज्ञान तथा एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत आज अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और निजी स्पेस स्टार्टअप वैश्विक स्तर पर देश की पहचान को मजबूत कर रहे हैं। अभियंता रत्नेंद्र सिंह ने सरल एवं रोचक उदाहरणों के माध्यम से रॉकेट प्रक्षेपण, उपग्रहों की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष अभियानों में गाइडेंस, नेविगेशन एवं कंट्रोल प्रणाली की भूमिका तथा भविष्य में अंतरिक्ष विज्ञान के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विज्ञान और गणित की मजबूत समझ, नवाचार की सोच तथा निरंतर परिश्रम उन्हें इस क्षेत्र में सफलता दिला सकते हैं। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष अभियानों, रॉकेट तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहज और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से उत्तर दिया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य कमलेश सिंह बघेल, डॉ. उदय चतुर्वेदी, नंदकिशोर पाठक, उमाशंकर विश्वकर्मा, अम्बरीष मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उनके पिता एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और दृढ़ संकल्प का संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह बघेल ने कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामानुज पाठक ने किया। उन्होंने भारत के उभरते अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र और निजी अंतरिक्ष उद्योग की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। आनंद मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने रत्नेंद्र सिंह का उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा उन्हें भविष्य में पुनः विद्यालय आने का आग्रह किया।

Next Post

कलेक्टर ने किया मझगवां एवं चित्रकूट क्षेत्र का निरीक्षण

Thu Aug 6 , 2026
सतना :कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बुधवार को मझगवां एवं चित्रकूट क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय कार्यालयों तथा विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा आमजन की सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। […]

You May Like