
छिंदवाड़ा। सोशल मीडिया के जरिए लड़कियां उपलब्ध कराने का दावा करने वाले युवक को देहात पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस फिलहाल युवक से पूछताछ कर रही है। हालांकि, गिरफ्तार युवक के पास से अब तक लड़कियों की सप्लाई से संबंधित कोई ठोस एंगल सामने नहीं आया है। इसके बावजूद पुलिस उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामलों को लेकर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि अभिषेक चौकसे नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवक के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें लूट और मारपीट से जुड़े प्रकरण भी शामिल हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार युवक के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ ही जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
