
रीवा, भारतीय जनता पार्टी के संभागीय प्रभारी विजय दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है.
आज देश वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है और प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं. इसके विपरीत कांग्रेस के पास न तो विकास का कोई विजन है और न ही जनहित के मुद्दे. यही कारण है कि कांग्रेस और राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम एवं अविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं. विजय दुबे ने उक्त विचार भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कुंज’, रीवा में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत जिला टोली की बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए. बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रहे हैं. मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में आवश्यक कदम है. बैठक में अशोक सिंह गहरवार, योगेन्द्र शुक्ला, प्रबोध व्यास, शरद साहू, राजेश प्रताप सिंह, श्रीमती संध्या कोल, उमाशंकर पटेल मौजूद रहे.
