सीहोर। बुधवार की देर रात स्टेट हाइवे स्थित श्री सत्यसाईं कॉलेज के पीछे एक खेत में बंधी गाय का शिकार करने वाला तेंदुआ बीती रात भी शिकार की गई गाय के काफी करीब टहलता नजर आया. खेतों में पलेवा कर रहे किसानों द्वारा शोर मचाने के बाद वह भाग निकला.
गौरतलब है कि कुछ दिनों के अंतराल के बाद एक बार फिर शहरी क्षेत्र में हिंसक वन्यप्राणी तेंदुए ने दस्तक दे दी है. बुधवार की देर रात श्री सत्यसाईं कॉलेज के पीछे स्थित मनीष यादव के खेत पर बंधी गाय का हिंसक वन्यप्राणी ने शिकार कर लिया गया था. गुरुवार की सुबह जब मनीष खेत पर पहुंचे तो वहां उन्हें गाय का क्षत विक्षत शव मिला था. उन्होंने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी थी.
मौके पर पहुंचे वन विभाग के अमले ने जब सर्चिंग की तो मौके पर जो पगमार्क मिले उसके आधार पर गाय का शिकार तेंदुआ द्वारा किए जाने की पुष्टि हुई. वन विभाग ने गाय का पीएम कराने के बाद शव वहीं छोड़ दिया ताकि मांस के लालच में तेंदुआ फिर वहां आ सके. इसके अलावा दिन भर वन विभाग की टीम आसपास के जंगल में तेंदुआ की तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. बीती रात लगभग 9 बजे जब मनीष के खेत के समीप किसान खेतों में पानी फैर रहे थे तब दूर अंधेरे में तेंदुए की आंखें चमकती दिखीं. किसानों ने टार्च की रोशनी में देखा तेंदुआ गाय के शव से कुछ ही दूरी पर टहल रहा था. किसानों ने शोर मचाया तो तेंदुआ वहां से भाग निकला.
तेंदुए के वहीं आसपास पाए जाने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने संभावित स्थानों पर नाइट विजन कैमरे लगाए हैं. अब अगर तेंदुआ वहां फिर आता है तो ट्रैप कैमरा उसकी तस्वीर ले लेगा. इसके अलावा नागरिकों को सावधानी बरतने व रात में अकेले बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
