अब 50 नहीं, 75 नए बोरवेल से मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था

छिंदवाड़ा। शहर में इस वर्ष कम वर्षा के चलते उत्पन्न हो रही पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज नगर पालिक निगम के सभाकक्ष में एक अति महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सामने आ रही पेयजल समस्याओं, जलापूर्ति व्यवस्था और आगामी गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट से निपटने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों की व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके स्थायी एवं त्वरित निराकरण के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि पानी की गंभीर समस्या का समाधान आपसी सामंजस्य से ही संभव होगा, इसलिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से बनाई गई कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से अमल किया जाए।पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्व में शहर के विभिन्न स्थानों पर 50 नए बोरवेल कराने की टेंडर प्रक्रिया प्रस्तावित थी। सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने शहर की बढ़ती आवश्यकता और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए बोरवेल की संख्या 50 से बढ़ाकर 75 नए बोरवेल करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि जल किल्लत से प्रभावित अधिक से अधिक क्षेत्रों में त्वरित राहत पहुंचाई जा सके। बैठक में सांसद विवेक बंटी साहू, निगम महापौर विक्रम सिंह अहके, निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय सहित समस्त सभापतिगण, पार्षदगण, एल्डरमैन एवं निगम के संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

25 नए टैंकर किराए पर लिए जाएंगे ००००००

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को राहत देने के लिए पृथक (सेपरेट) पानी का टैंकर तैनात किया जाएगा। जल संकट से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए 25 नए टैंकर गाड़ी सहित किराए पर लेने की स्वीकृति दी गई। महापौर विक्रम सिंह अहके ने निर्देश दिए कि टैंकरों के माध्यम से पानी के वितरण में डीजल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और इसके नियमित संचालन हेतु पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित रहेगी।

जिओ मिलर फर्म पर सख्ती के निर्देश ०००००

बैठक में पाइपलाइनों के लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने और अवैध नल कनेक्शनों को सख्ती से हटाने के कड़े निर्देश दिए गए। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पाइपलाइन कार्य में लगे संवेदक/फर्म जिओ मिलर के कामकाज पर सख्त नाराजगी जताते हुए उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त सी.पी. राय को निर्देशित किया गया कि वे अमृत 2.0 योजना की विस्तृत समीक्षा करें तथा जिन 32 वार्डों में इस योजना का कार्य होना है, वहां के संबंधित पार्षदों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक कर प्रगति रिपोर्ट तैयार करें। इसके साथ ही शहर के पुराने कुओं, बोरवेल और जलापूर्ति के सभी प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

Next Post

बंगलादेश ने दूसरी पारी में छह विकेट गंवाए लेकिन बढ़त 100 के पार

Fri Oct 30 , 2026
मीरपुर, 30 अक्टूबर (वार्ता) जिस दिन 12 विकेट गिरे थे और सतह पर काफी टर्न दिख रहा था, बंगलादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में अपनी बढ़त 100 के पार पहुंचा दी। मीरपुर में खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी साढ़े चार बजे समाप्त हो गया। तब तक वेस्टइंडीज […]

You May Like