
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की वृद्धि की है। सातवें वेतनमान के तहत अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी, जबकि बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नियमित भुगतान नवंबर 2026 के वेतन से किया जाएगा।
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, कर्मचारियों को 1 जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि के महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान तीन समान किस्तों में किया जाएगा। ये किस्तें नवंबर 2026, दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में दी जाएंगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 1 जनवरी से 30 सितंबर 2026 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले या दिवंगत कर्मचारियों के मामले में एरियर की राशि का भुगतान एकमुश्त किया जाएगा। दिवंगत कर्मचारी की स्थिति में यह राशि उनके नामांकित सदस्य को दी जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इससे पहले 1 जुलाई 2025 से सातवें वेतनमान के तहत कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किया था। अब इसमें 2 प्रतिशत की वृद्धि के बाद कुल महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत हो गया है।
