सतना। बज़रहा टोला इलाके में पुरानी खुन्नस के चलते एक हंसते-खेते परिवार को निशाना बनाए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को धर दबोचा है. इस खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के तीन महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात 19 अक्टूबर की रात की है. बज़रहा टोला निवासी बाबू उर्फ आकाश बंसोर, अनुज उर्फ बिल्ला बंशकार, पीयूष बंसोर और सावन मेहतर योजनाबद्ध तरीके से करण चौधरी के घर पहुंचे थे. आरोपियों ने घर के बाहर जमकर हंगामा किया और जब परिवार के सदस्य आवाज सुनकर बाहर आए, तो हमलावरों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले में करण चौधरी की पत्नी प्रणिता उर्फ निकी चौधरी (27 वर्ष), उनकी दादी रमिनिया चौधरी, चाची राजकुमारी चौधरी तथा भाई आशीष व आनंद चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक, अनुज उर्फ बिल्ला बंशकार को घटना के महज 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद लगातार दबिश देते हुए पुलिस ने मंगलवार को इस मामले के दूसरे आरोपी बाबू उर्फ आकाश बंसोर (22 वर्ष), जो कि बज़रहा टोला का ही रहने वाला है, उसे भी गिरफ्तार कर लिया है
