मैहर : जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने विद्युत वितरण व्यवस्था को बड़ा नुकसान पहुंचाते हुए 11 केवी लाइन के 25 खंभों से एल्युमीनियम के तार काटकर पार कर दिए.चोरी की इस वारदात के दौरान चार बिजली के खंभे भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए.घटना के बाद बरहिया और भेड़ा इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई. मामले में विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के नादन कार्यालय में पदस्थ जेई वीरेंद्र कुमार सुमन (38) के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे बरहिया और भेड़ा क्षेत्र की विद्युत सप्लाई अचानक बाधित हो गई थी. गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे जब लाइनमैन हरिहर कुशवाहा खराबी खोजने निकले तब इस चोरी का खुलासा हुआ.
जांच में सामने आया कि प्रदीप जोरदार के क्रेशर के पीछे से लेकर बोधिरा स्थित लोधी ढाबे तक करीब 25 पोलों से 11 केवी लाइन के तार गायब थे.साथ ही चार पोल भी टूटे हुए मिले.सूचना पर कनिष्ठ यंत्री सहित विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे.
बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने आसपास के इलाकों में तार और संदिग्धों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा.इसके बाद जेई वीरेंद्र कुमार सुमन ने लाइनमैन अजय सिंह बघेल के साथ नादन देहात थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दी.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है.पुलिस अब इलाके के पुराने बदमाशों और कबाड़ कारोबारियों की गतिविधियों की जांच कर रही है ताकि चोरी का माल बरामद कर आरोपियों को पकड़ा जा सके.
