
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ में जिला प्रशासन ने आगामी एक जून से शुरू होने वाले भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा व्यापार के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में शनिवार को सीमा व्यापार से जुड़े विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में भारत-चीन सीमा पर मोटर मार्ग एवं पैदल मार्गों की स्थिति, गुंजी में अस्थायी ट्रेड कार्यालय की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, संचार सुविधा, परिवहन, चिकित्सा सेवाओं तथा व्यापारियों के लिए मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सीमा व्यापार शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि व्यापारियों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने गुंजी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में आवश्यक बैंकिंग सुविधाएं सुनिश्चित करने, कस्टम चौकी एवं स्टाफ की तैनाती, व्यापारियों के लिए शौचालय व्यवस्था तथा हुट्स की स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए जाने पर जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि शासन स्तर से धारचूला एवं गुंजी में उत्तराखण्ड अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं पर्यटन कार्यालय के अंतर्गत अस्थायी व्यापार कार्यालय एवं कस्टम कार्यालय स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि सीमा व्यापार पास के लिए जिला प्रशासन द्वारा विदेश मंत्रालय को मांग भेजी जा चुकी है तथा बजट आवंटन हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने उप-जिलाधिकारी आशीष जोशी को व्यापारियों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा व्यापार सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार और पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें। बैठक में यह भी बताया गया कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक उपजिलाधिकारी धारचूला को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अस्कोट, पशु चिकित्साधिकारी धारचूला तथा प्रबंधक टीआरसी, कुमाऊँ मंडल विकास निगम गुंजी को पदेन सहायक व्यापार अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में अक्षय प्रहलाद कोंडे, डॉ. संतोष सिंह नबियाल, जितेंद्र वर्मा, डॉ. योगेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
