
सिंगरौली । बरगवां पुलिस ने अवैध नशीली औषधियों के भंडारण और कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफसिरप, नशीली टैबलेट,कैप्सूल के साथ बोलेरो वाहन एवं मोटरसाइकिल जप्त किया गया है। यह नशीली पदार्थ सेमुआर के एक ईंट प्लांट के सीमेंट गोदाम में छापामार कार्रवाई की गई है।
सिंगरौली एसपी षियाज केएम ने मीडिया कर्मियों को उक्त कार्रवाई को साझा करते हुये बताया कि सूचना मिली थी कि बरगवां क्षेत्र में नशीली औषधियों का अवैध संग्रहण और बिक्री की जा रही है। इसके आधार पर स्टार मेडिकल स्टोर, कसर के सामने कार्रवाई कर सुकसेन बैस पिता रूद्रप्रसाद बैस उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम सेमुआर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल पर रखी दो पेटियों में 238 शीशी कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद हुई। परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सेमुआर स्थित ईंट प्लांट के सीमेंट गोदाम में छापा मारा। यहां से 1080 शीशी कोडिनयुक्त कफ सिरप के साथ डिपाट्राम प्लस के 10,080 कैप्सूल, पायवोन स्पास-टी के 17,280 कैप्सूल और अल्जोमैक-0.5 की 25,200 टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस ने गोदाम से बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 66 टी 3098 भी जप्त किया। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक नीतीश कुमार बैस पिता शारदा प्रसाद बैस उम्र 25 निवासी ग्राम सेमुआर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब नशीली औषधियों की आपूर्ति शृंखला, उनके स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। उक्त कार्रवाई में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल सहित थाना पुलिस, जयंत चौकी, साइबर सेल और छठवीं बटालियन के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००००
