जबलपुर: नीट (अंडर ग्रेजुएट) परीक्षा कल जिले 23 परीक्षा केन्द्रों पर होगी। री-नीट की परीक्षा रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। परीक्षा की कुल अवधि सवा तीन घंटे की होगी। इस बार सभी परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा केन्द्रों में गुरूवार को बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर लगा दिए गए है। आज इनका ट्रायल रन भी होगा। परीक्षा वीवीआईपी मूवमेंट में होना है। राष्ट्रपति का जबलपुर प्रवास प्रस्तावित है और इसी दिन नीट परीक्षा भी होनी है। जिसको लेकर पुलिस, प्रशासनिक व्यवस्थाएं कर ली गई है। नीट की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों और उनके माता-पिता को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्र जाने वाले छात्र अपना एडमिट कार्ड दिखाकर इन सभी प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजर सकेंगे। उन्हें ट्रैफिक डायवर्जन से पूरी तरह छूट दी गई है।
शहर से दूर तीन परीक्षा केन्द्र, बसों की होगी व्यवस्था.
जबलपुर में बने परीक्षा केन्द्रों में से तीन परीक्षा केंद्र ऐसे हैं जिनकी दूरी शहर से कुछ अधिक है। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिये ऐसे परीक्षा केंद्रों तक पेमेंट बेसिस पर दो -दो बसों के संचालन की व्यवस्था की है। परीक्षार्थीयों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर से दूर जिन तीन परीक्षा केन्द्रों तक जाने के लिए पेमेन्ट बेसेस पर बस परिवहन की व्यवस्था की गई है, उनमें समाधि रोड बरबटी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के लिये रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-एक से एक बस सुबह 10.30 बजे और दूसरी सुबह 11.30 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के पास ग्राम मंगेली स्थित परीक्षा केंद्र शासकीय श्रमोदय आवासीयविद्यालय के लिये मेडिकल कॉलेज तिराहा जबलपुर से एक बस सुबह 10.30 बजे एवं दूसरी सुबह 11.30 बजे रवाना होगी। डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित परीक्षा केंद्र राज्य होटल प्रबंधन संस्थान के लिये रेल्वे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-एक से भी एक बस सुबह 10.30 बजे और दूसरी बस सुबह 11.30 बजे रवाना होगी।
कई रास्ते होगेे डायवर्ट, कुछ नो व्हीकल जोन घोषित
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति का 20 और 21 जून को जबलपुर आगमन हो रहा है। राष्ट्रपति 21 जून को सुबह सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में मुख्य योग कार्यक्रम और उसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पुलिस प्रशासन ने रविवार, 21 जून को शहर के कई प्रमुख रास्तों को डायवर्ट किया है और कुछ क्षेत्रों को नो व्हीकल जोन घोषित किया है। इस दौरान नीट की परीक्षा देने वाले छात्रों को बड़ी राहत दी गई है, वे इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। गैरिसन ग्राउंड सदर योग कार्यक्रम के दौरान तैयार किया गया ट्रैफिक प्लान में सभी भारी वाहनों, यात्री बसों और लोडिंग गाडिय़ों को एकता मार्केट से डायवर्ट किया जाएगा।
ये वाहन एकता मार्केट से चूल्हागोलाई होकर शहर के अंदर आ-जा सकेंगे। मंडला की तरफ से आने वाली गाडिय़ां पेन्टीनाका से डायवर्ट होकर समन्वय चौक के रास्ते आगे बढ़ सकेंगी। जायसवाल पेट्रोल पंप से कटंगा और बंदरिया तिराहे की ओर जाने वाला रास्ता खुला रहेगा। पेन्टीनाका, सृजन चौक, यादगार चौक और टीआई क्रासिंग की ओर से गैरिसन ग्राउंड की तरफ आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश सुबह 6 से 9 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। नर्मदा क्लब ग्राउंड, आर.सी.एम. ग्राउंड, मुर्गी मैदान ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दूसरे ट्रैफिक प्लान के तहत राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के समय विश्वविद्यालय के सामने का मुख्य रास्ता सामान्य जनता के लिए सुबह 11 बजे से 11:45 बजे तक, दोपहर 12:30 बजे से 01:15 बजे तक बंद रहेगा।
