कीव, 29 अक्टूबर (वार्ता) यूक्रेन के मध्य क्षेत्र स्थित निप्रो शहर के रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह रूसी ड्रोन हमले में 13 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शहर के महापौर बोरिस फिलातोव ने हमले के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर कहा, “निप्रो में एक त्रासदी हुई है। एक ड्रोन ने यात्री इलेक्ट्रिक ट्रेन को निशाना बनाया। कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं।”
यूक्रेनी रेलवे के अनुसार, ड्रोन हमले के समय स्टेशन पर एक ट्रेन खड़ी थी और प्लेटफॉर्म पर लोग मौजूद थे। घायलों को चिकित्सा सहायता देने के लिए मेडिकल टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले को ‘भयावह’ बताते हुए रूस के खिलाफ और प्रतिबंध लगाने की मांग की, ताकि ऐसे हमलों को रोका जा सके।
श्री जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, “रूस ने हमारे लोगों के खिलाफ आखिर कितने आतंकवादी हमले किए हैं, जबकि तनाव कम करने के बजाय कुछ रूसी अरबपतियों और रूस के ऊर्जा क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध हटा दिए गए हैं?”
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में रूसी जीवाश्म ईंधन की बिक्री से संबंधित कई प्रतिबंधों में छूट दी थी। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि वह रूसी डीजल के वैश्विक ऊर्जा बाजारों में निर्यात की अनुमति देने पर सहमत हुए हैं।
हमले में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए श्री जेलेंस्की ने कहा कि जब तक रूस का युद्ध जारी है, तब तक मॉस्को और उसकी युद्ध मशीन पर लगे प्रतिबंधों में ढील नहीं दी जानी चाहिए।
इस बीच, बुधवार को खबर आई थी कि वाशिंगटन रूस के बहु-अरब डॉलर के संप्रभु संपत्ति कोष पर लगे प्रतिबंध हटाने के लिए क्रेमलिन के साथ बातचीत कर रहा है। रूस के यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद बाइडेन प्रशासन ने लगभग पांच वर्ष पहले ये प्रतिबंध लगाए थे।
