इंडिगो ने शुरू की ‘कैब्स विद इंडिगो’ सेवा

नयी दिल्ली, 18 जून (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने गुरुवार को ‘कैब्स विद इंडिगो’ सेवा शुरू करने की घोषणा की जिसके तहत यात्रियों को हवाई अड्डों तक पहुंचने या हवाई अड्डे से आगे की अपनी यात्रा के लिए चिंता से मुक्ति मिल जायेगी।

इंडिगो ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह विशेष एयरपोर्ट ट्रांसफर सेवा देश के सभी शहरों में उन हवाई अड्डों पर उपलब्ध होगी जहां इंडिगो की उड़ान है।

इस सेवा को इंडिगो के लॉयल्टी प्रोग्राम ‘इंडिगो ब्लूचिप’ के साथ एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से सदस्य ‘कैब्स विद इंडिगो’ पर खर्च किये गये प्रत्येक 100 रुपये पर पांच इंडिगो ब्लूचिप्स अर्जित कर सकते हैं। इससे यात्रियों को अधिक रिवॉर्ड्स और तेजी से पॉइंट्स जमा करने का लाभ मिलेगा।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इंडिगो लगातार ग्राहकों की यात्रा को शुरू से अंत तक आसान बनाने के उद्देश्य से एक समग्र यात्रा पारितंत्र विकसित कर रही है। हवाई यात्रा के अलावा इंडिगो सात लाख से अधिक होटलों के विकल्पों और चुनिंदा दर्शनीय स्थलों के लिए बुकिंग की सुविधा भी प्रदान करती है। इसी दिशा में ‘कैब्स विद इंडिगो’ एक स्वाभाविक विस्तार है।

मोजोबॉक्स द्वारा संचालित ‘कैब्स विद इंडिगो’ यात्रियों को एक भरोसेमंद और पारदर्शी परिवहन समाधान प्रदान करती है। यात्री केवल 49 रुपये का भुगतान कर कैब रिजर्व कर सकते हैं। कंपनी सुनिश्चित पिक-अप के साथ शत-प्रतिशत कन्फर्म राइड का वादा करती है। पिक-अप के समय तक बुकिंग रद्द कराने पर कोई चार्ज नहीं देना होगा। यात्रा में संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए 30 मिनट का निःशुल्क प्रतीक्षा समय भी मिलेगा।

इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा ने कहा कि एयरलाइंस का ध्यान केवल उड़ान संचालन तक सीमित नहीं है। ‘कैब्स विद इंडिगो’ की शुरुआत यात्रियों की शुरू से लेकर सफर के अंत तक बेहतरीन अनुभव देने के दृष्टिकोण को और मजबूत करती है। यह सुनिश्चित करती है कि यात्रा का हर चरण—घर से एयरपोर्ट तक और वहां से अंतिम गंतव्य तक—सरल, विश्वसनीय और तनाव-मुक्त हो।

‘कैब्स विद इंडिगो’ अब इंडिगो की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर बुकिंग के लिए उपलब्ध है।

 

Next Post

थर्ड सब जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैम्पियनशिप इस बार ग्वालियर में होगी

Thu Jun 18 , 2026
ग्वालियर: मध्यप्रदेश सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा स्वर्गीय कैलाशनारायण कट्ठल की स्मृति में थर्ड सब जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन इस बार ग्वालियर में होगा।आयोजन की जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय कट्ठल एवम् जीतेन्द्र शर्मा ने बताया कि ग्वालियर में पहली बार […]

You May Like