श्रीनगर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने माता वैष्णो देवी में भूस्खलन और पिछले दो दिनों में बाढ़ संबंधी अन्य घटनाओं में मृत लोगों के परिवार के लिए अलग-अलग अनुग्रह राशि की घोषणा की।
जम्मू क्षेत्र के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 30 तीर्थयात्रियों की जान जा चुकी है।
उपराज्यपाल ने माता वैष्णो देवी मंदिर के समीप बाढ़ में मृत लोगों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड और प्रशासन प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं। श्राइन बोर्ड की नीति के अनुसार किसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मरने वाले व्यक्ति के निकटतम परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाती है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि एसडीआरएफ से अतिरिक्त चार लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पिछले दो दिनों में माता वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन और बाढ़ से संबंधित अन्य घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए छह लाख रुपये (एसडीआरएफ से चार लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये) की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने राहत, पुनर्वास और पुनर्स्थापन की तत्काल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रत्येक उपायुक्त को 10 करोड़ रुपये अग्रिम रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बाढ़ की स्थिति और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी है।
