आधे घंटे की बारिश ने खोल दी प्री-मानसून मेंटिनेंस की पोल     

सतना :विद्युत वितरण कंपनी और नगर निगम द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार प्री-मानसून मेंटिनेंस का दावा किया जा रहा है. लेकिन रविवार को हुई महज आधे घंटे की बारिश ने किए जा रहे तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी. एक ओर जहां जाम नालियों का कचरा सडक़ पर बहने लगा वहीं दूसरी ओर बारिश शुरु होते ही गुल हुई बिजली आगे भी कई घंटों तक रुलाती रही.रविवार की दोपहर शहर में लगभग आधे घंटे के भीतर 33.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. बारिश शुरु होते ही शहर की सडक़ और गलियों में जल जमाव की समस्या स्पष्ट तौर पर नजर आने लगी. वहीं कुछ देर होते ही नालियों भी पूरी तरह भर गईं और उनमें भरा हुआ मलबा सडक़ और गलियों में पानी के साथ बहने लगा.

इतना ही नहीं बारिश के जोर पकड़ते ही सडक़ और गलियों में घुटनों तक जल जमाव नजर आने लगा. यह समस्या जिला चिकित्सालय रोड, जगतदेव तालाब रोड, कृष्ण नगर रोड, लालता चौक, बरदाडीह रोड, मुख्त्यारगंज, काली बाड़ी मंदिर के निकट और स्टेशन रोड सहित अन्य कई स्थानों पर देखने को मिली. देखते ही देखते बारिश और नाली का यह गंदा पानी लोगों के घर और दुकानों में प्रवेश करने लगा. जिसे देखते हुए बारिश में भीगते हुए भी लोग अपने-अपने घर दुकान का पानी बाहर निकालने की जद्दोजहत करते दिखाई दिए. वहीं बारिश का क्रम रुकने और सडक़ पर जमा पानी निकल जाने के बाद लोगों के सामने मुसीबत तब और बढ़ गई जब नालियों से बहकर सडक़ पर आया कचरा उनके घर-दुकान के सामने पसर गया. गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा पिछले कुछ दिनों से प्री मानसून मेंटिनेंस का अभियान छेड़ा गया है. जिसके अंतर्गत शहर के नाले-नालियों की लगातार सफाई कराई जा रही है. लेकिन रविवार को महज आधे घंटे की बारिश ने ननि अमले द्वारा प्रचारित की जा रही सारी मेहनत पर पानी फेर कर रख दिया.
सरदर्द बने रहे विद्युत फाल्ट
आवश्यकता से अधिक बिजली की उपलब्धतता के दावे की पोल तो पखवाड़े भर पहले ही तब खुलनी शुरु हो गई थी. जब भीषण गर्मी के दौरान शहर के सिटी, कोलगवां और प्रेम नगर उपकेंद्र के जरिए किसी किसी दिन लगातार 10 मिनट निर्बाध बिजली सप्लई कर पाना तक संभव नहीं हो पा रहा था. लोड बढ़ते ही कहीं ट्रांसफार्मर तो कहीं तार और अन्य उपकरण दगना शुरु हो जाते थे. इसी दौरान प्री मानसून मेंटिनेंस के नाम पर अलग अलग क्षेत्रों में घंटों बिजली कटी रहती थी. लेकिन वहीं रविवार को महज आधे घंटे की बारिश क्या हुई कि विद्युत विभाग द्वारा किया जाने वाला सारा मेंटिनेंस और अपग्रेडेशन धरा का धरा रह गया. हलांकि बारिश शुरु होते ही बिजली के गुल हो जाने की पुरानी परंपरा की अब लोगों को आदत हो चुकी है. लेकिन बारिश बंद हो जाने के 4 घंटे बाद तक भी जब ब्लैक ऑऊट बना रहा तो परेशान लोगों ने उपकेंद्र पहुंचकर तीखी शिकायत करनी शुरु कर दी. बारिश के घंटों बाद किसी तरह वापस लौटी बिजली कुछ समय बाद ही रह रह फिर से रुलाने लगी. जिसके पीछे जगह-जगह आने वाले फाल्ट को बताया गया

Next Post

मप्र कांग्रेस: बूथ स्तर को मजबूत करने कल से नीमच, मंदसौर, रतलाम और उज्जैन जिलों के दौरे पर रहेंगे चौधरी

Mon Jun 1 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं विधायक हरीश चौधरी 2 से 5 जून तक प्रदेश के चार दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने के […]

You May Like