२०५ फीट ऊंची पंचमुखी हनुमान प्रतिमा भूमिपूजन रामनवमी को गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने पूरे देश में चल रहा हस्ताक्षर अभियान

बालाघाट, सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए जो कार्य हो रहे वह प्रशंसनीय है। बालाघाट जिले में जो कार्य हो रहा है वे ऐतिहासिक होगा इसमें विश्व की सबसे ऊंची २०५ फीट पंचमुखी हनुमान जी की प्रतिमा व भव्य मंदिर श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर भरवेली में स्थापित की जा रही है। इसके लिए रामनवमी पर्व के दिन भूमिपूजन करने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर देश के बड़े-बड़े संत उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर १०८ ब्राम्हणों द्वारा अग्निहोत्र भी होगा। उक्त बातें श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर में हनुमंत कथा का वाचन करने पहुंचे श्री मलूक पीठाधीश्वर व श्री बागेश्वरधाम सरकार के कृपापात्र शिष्य श्री रोहित रिछारिया महाराज ने २९ अगस्त को कथा स्थल पर पत्रकारों से चर्चा में कहीं। उन्होंने कहा कि श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम में श्री बागेश्वर सरकार का भी आगमन हो व परम पूज्य राम भद्राचार्य जी का आगमन होगा ऐसा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने गौ माता के संबंध में कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने सभी संतों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। गाय को मां के रूप में देखा जाता है। गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है इसमें ३१ करोड़ हस्ताक्षर हुए है। उन्होंने कहा कि जिले के हीरापुर विष्णुधाम मंदिर में जो कार्य होने वाला है वह बहुत बड़ा है इसमें हर एक व्यक्ति का सहयोग करना होगा। इस अवसर पर वृंदावन से पधारे दामोदरदास जी महाराज व आयोजन समिति के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जातियां पहले भी थी पर जातिवाद नहीं था

संत श्री रोहित रिछारिया जी ने कहा कि हमारे यहां जो वर्ण व्यवस्था बनाई इसमें किसी को हीन भावना से नहीं देखा जाता। जातियां पहले भी थी लेकिन जातिवाद नहीं था। हम समझ नहीं पा रहे है कि बड़ी-बड़ी विदेशी मशीनरिया हमें जातिवाद के नाम पर लड़ा रही है। वोट बैंक के नाम पर द्वेष की भावना डाली जा रही है। इन सबसे ऊपर उठकर सोचना चाहिए कि कोई दूसरा नहीं है सभी भगवान के है। हमारे यहां तो कहा गया है कि जाति पाति पूछे नहीं कोई हरि को भजे हरि का होई। चारों वर्ण भगवान के है। उन्होंने कहा कि हमें धर्मान्तरण रोकने के लिए बड़े-बड़े संत को वनवासी आदिवासी क्षेत्र में जाकर कथा करना चाहिए। उनके बीच में जाकर सनातन धर्म की महिमा बताना चाहिए। हमारे बागेश्वर धाम का तो यही मानना है वह वनवासियों के बीच में जाकर कथा प्रवचन करें। हमारा यहीं प्रयास रहता है धर्म परिवर्तन न हो और हमारे लोग आपस में न बंटे।

हनुमान जी की प्रतिमा की स्थापना ही हमारा संकल्प 

इस दौरान श्री विष्णुधाम मंदिर हीरापुर के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने कहा कि हमारा सपना व संकल्प है कि जल्द ही विश्व की सबसे ऊंची २०५ फीट की हनुमान जी महाराज की प्रतिमा व भव्य मंदिर का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि इसके लिए विभिन्न बैंकों का भी सहयोग मिल रहा है। जिसका क्यू कोड जारी किया गया है। इसमें जिले का हर एक व्यक्ति अपना कुछ न कुछ राशि देकर सहयोग करें। इसके लिए करीब २५ करोड़ रूपए के अनुमानित खर्च का आंकलन किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना व भव्य मंदिर निर्माण के लिए शासकीय प्रक्रिया भी विधिवत पूरी की जा रही है। विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी १६ नवम्बर से नर्मदा परिक्रमा भी प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने इस पुनित कार्य में सभी से सहयोग की अपील की है।

Next Post

प्रधान जिला न्यायाधीश ने किया केंद्रीय जेल का निरीक्षण

Thu Oct 29 , 2026
रीवा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीशचन्द्र राय सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने केंद्रीय जेल रीवा का निरीक्षण किया. इस दौरान जेल के विभिन्न वार्डों, अस्पताल, कारखाना, महिला वार्ड, भोजन भंडारण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों से […]

You May Like