भाजपा अध्यक्ष ने पांच चुनावी राज्यों की तैयारी पर मंथन किया 

नई दिल्ली, पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी को लेकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी महासचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की है. इस बैठक में विधानपरिषद चुनाव में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, लखनऊ और महाराष्ट्र के नागपुर में पार्टी को मिली हार पर भी गंभीर मंत्रणा की.

बैठक में संगठन महामंत्री बीएल संतोष,राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, तरुण चुघ, विनोद तावड़े और सुनील बंसल सहित संगठन के कई शीर्ष रणनीतिकार शामिल हुए. इस बैठक में पार्टी के आला नेताओं ने चुनावी तैयारियों का बारीकी से खाका खींचते हुए चुनावी एजेंडे और पार्टी की भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया.

सूत्रों की मानें तो इस मैराथन बैठक के दौरान विशेष रूप से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई. बैठक में राज्य के भीतर संगठनात्मक तंत्र को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा हुई. इसके साथ ही हाल ही में संपन्न हुए विधानपरिषद चुनाव के परिणामों और राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी नेताओं के बीच व्यापक विचार-विमर्श हुआ, ताकि जमीनी हकीकत को भांपते हुए आगामी रणनीतियों में जरूरी बदलाव किए जा सकें. बैठक में उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा जैसे चुनावी राज्यों के कार्यक्रमों और चुनावी रूपरेखा को अंतिम रूप देने पर भी गंभीर विमर्श हुआ. इसके साथ ही विपक्षी इंडिया गठबंधन द्वारा विभिन्न मुद्दों और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों से निपटने और मौजूदा राजनीतिक हालात में भाजपा के आक्रामक रुख को बरकरार रखने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई.

महामंत्रियों के साथ हुई इस मुख्य बैठक के समानांतर भाजपा मुख्यालय विस्तार में भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई. इस बैठक में भी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने हिस्सा लिया और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सशक्त करने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया.

Next Post

ईसीबी प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्ड सात फरवरी 2027 को छोड़ेंगी पद

Thu Oct 29 , 2026
ब्रसेल्स, 29 अक्टूबर (वार्ता) यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ईसीबी) की अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड अपना कार्यकाल समाप्त होने से नौ महीने पहले ही फरवरी 2027 में इस्तीफा देने वाली हैं। ईसीबी ने एक बयान में कहा, ” यूरोपीय सेंट्रल बैंक की अध्यक्ष क्रिस्टीन सुश्री लेगार्ड ने आज गवर्निंग काउंसिल और यूरोपीय परिषद […]

You May Like