ग्वालियर: नगर निगम के वार्ड क्रमांक 65 में बहुमूल्य शासकीय भूमि पर भू-माफिया की तरह अवैध कॉलोनी विकसित करने और प्राकृतिक धरोहर पहाड़ को छलनी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। विधायक प्रतिनिधि (ग्वालियर ग्रामीण) जंडेल सिंह यादव ने पार्षद पति पर सरकारी जमीन पर अवैध प्लाटिंग और पर्यावरण को गहरी क्षति पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
यादव के अनुसार, पटवारी हल्का गुढ़ा (वार्ड 52) स्थित खाटू श्याम मंदिर के सामने सर्वे क्रमांक 458/1 में आवंटित 7 बीघा 7 बिस्वा पट्टे की आड़ में बिना ‘रेरा’ और बिना नगर निगम की अनुमति के अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। आरोप है कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग को गुमराह कर, ₹100 के स्टाम्प के सहारे निजी खाते की जगह बताकर सरकारी जमीन से रास्ता निकाल लिया गया। हद तो तब हो गई जब सर्वे क्रमांक 458/2 में शासकीय पहाड़ के रूप में दर्ज करीब 4 बीघा जमीन को घेरकर समतल कर दिया गया। आरोप के मुताबिक, पूरे पहाड़ को खोदकर उसकी मुरम बेच दी गई, पक्की सड़कें बनाकर बिजली के खंभे लगा दिए गए और चारों ओर किलेनुमा बाउंड्रीवाल व विशाल मुख्य द्वार खड़ा कर दिया गया। इस पहाड़ी पर लगे नीम, पीपल, रेमजा, खेर और चिरोल जैसे सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों को काटकर पर्यावरण का भारी विनाश किया गया है।
विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि कलेक्टर, कमिश्नर और नगर निगम परिषद में सालभर से शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध कब्जे और वनों की कटाई के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए, तथा कब्जा मुक्त कराई गई शासकीय भूमि पर जनहित में सीएम राइज स्कूल का निर्माण कराया जाए
