दोराहा। बुधवार को एक पक्ष को 10 एकड़ जमीन का कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम के सामने दूसरे पक्ष के तीन हवाई फायर किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई.मामले में आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस जांच कर रही है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोराहा क्षेत्र स्थित संबंधित जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. न्यायालय द्वारा मामले में एक पक्ष को जमीन का हक दिलवाने के लिए प्रशासन को आदेशित किया गया था. इसके चलते बुधवार को प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ जमीन का कब्जा दिलाने पहुंचा था. इस दौरान वहां पर दोनों पक्ष के लोग उपस्थित थे. कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बंदूक सेतीन हवाई फायर कर दिए. घटना के समय मौके पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी थी. हालांकि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. एएसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी.
