
जबलपुर। हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन, जबलपुर की सत्र 2026-2028 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को 28 अक्टूबर को औपचारिक रूप से पदभार सौंपा गया। एचसीएबीए हॉल में दोपहर 1.30 बजे आयोजित समारोह की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शशांक शेखर को कार्यभार सौंपा। निवर्तमान उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने नवीन दुबे और निवर्तमान सचिव निखिल तिवारी ने नवनिर्वाचित सचिव सौरभ सुंदर को जिम्मेदारी हस्तांतरित की। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों और युवा अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही।
चुनाव आयोग का किया सम्मान
निवर्तमान सचिव निखिल तिवारी ने स्वागत उद्बोधन में संस्था की परंपरा और निरंतरता को महत्वपूर्ण बताया। निवर्तमान अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश पांडे और उनकी टीम को बुके एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पदभार ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सचिव सौरभ सुंदर ने कार्यक्रम का संचालन किया।
