​दीपावली के त्योहार पर भी गड्ढों के बीच रहने को मजबूर हैं क्षेत्रवासी, हादसों और बीमारियों का बढ़ा खतरा

​ग्वालियर: नगर निगम के वार्ड क्रमांक 51 की पार्षद प्रेमलता धर्मेंद्र जैन के जनसमस्याओं के प्रति उपेक्षात्मक रवैये से सिकंदर कंपू के रहवासी बेहद आक्रोशित और परेशान हैं।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 3 साल पहले क्षेत्र में ‘अमृत योजना’ के तहत पाइपलाइन या विकास कार्यों के नाम पर सड़क खोदी गई थी। लेकिन इतने लंबे समय के बीत जाने के बाद भी न तो सड़क का पुनर्निर्माण कराया गया और न ही गड्ढों को भरवाया गया है।
​हादसों को न्योता देतीं छिटकती गिट्टियां
​सड़क की दुर्दशा के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़क पर बिखरी गिट्टियां उछलने से कई वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं और पैदल चलने वाले राहगीर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा, बारिश और जलजमाव के कारण इन गड्ढों में गंदा पानी भरा रहता है, जिससे क्षेत्र में मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार पार्षद से मिलकर सड़क निर्माण और गड्ढे भरवाने का अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है। निवासियों का आरोप है कि पार्षद क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को लेकर पूरी तरह बेपरवाह बनी हुई हैं।
​गड्ढों के बीच ही मनेगी इस बार की दीपावली
​दीपावली जैसा बड़ा और खुशियों का त्योहार सिर पर है, लेकिन सड़क की स्थिति में सुधार न होने से रहवासियों में भारी निराशा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की इस लापरवाही के कारण इस बार भी उन्हें धूल, गड्ढों और गंदगी के बीच ही त्योहार मनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
​क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे पार्षद के घर के बाहर धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे.

Next Post

20 दिन पहले पति को छोड़कर भागी, अब लौटी, रास्ता भटकी तो झोंपडी में रही

Wed Oct 28 , 2026
ग्वालियर:चिडि़याघर के बाहर 6 अक्टूबर को शिवपुरी की 18 वर्षीय सुहाना रजक पति के पार्किंग में जाने के बाद एक मोटरसाईकिल सवार युवक के साथ चली गयी थी। पति 26 सेकेण्ड बाद लौटा तो सुहाना मौके पर नहीं मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में वह दूसरी बाइक पर बैठकर जाती हुई […]

You May Like