इंदौर: तुकोगंज पुलिस ने राजकुमार ब्रिज के नीचे से एक व्यक्ति को 10.09 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है. आरोपी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है और अधिक रुपए कमाने के लालच में ब्राउन शुगर बेचने लगा था.मंगलवार की देर रात क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान राजकुमार ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति पुलिस को देखकर मुड़कर तेजी से पैदल जाने लगा. संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. तलाशी में उसके पास से 10.09 ग्राम ब्राउन शुगर मिली।
आरोपी की पहचान कुलकर्णी का भट्टा के शिव शक्ति नगर में रहने वाले 60 वर्षीय देवेंद्र निक्रड के रूप में हुई है. पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है. आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह ब्राउन शुगर कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं.
