गुना: कैंट थाना क्षेत्र के विलास गांव में दबंगों ने घर में घुसकर न सिर्फ तोड़फोड़ की, बल्कि मक्का बेचकर रखे 2 लाख 40 हजार रुपए भी लूट ले गए। पीड़ित परिवार का दावा है कि पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। इसी हताशा के चलते मंगलवार को एसपी आॅफिस पहुंची परिवार के सदस्य ने जहरीली दवा गटक ली। गनीमत रही कि मौके पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार के भानू यादव और अन्य सदस्यों ने बताया कि मुताबिक बीती रात करीब एक बजे आधा दर्जन से अधिक आरोपियों ने उनके घुस आए और महिलाओं से अभद्रता की। घर में खड़ी बाइक का हैंडल लॉक होने के कारण आरोपी जब गाड़ी नहीं ले जा सके, तो उसमें जमकर तोड़फोड़ की और घर में रखे 2 लाख 40 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि आरोपी तड़के चार बजे तक घर में तांडव मचाते रहे और पुलिस को बुलाने की खुली चुनौती देते रहे।
घटना की रात ही परिवार का बड़ा बेटा मुकेश यादव शिकायत लेकर कैंट थाने पहुंच गया था, लेकिन पुलिस ने समय पर कोई एक्शन नहीं लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन साल से जमीन को लेकर विवाद कर रहे हैं और इससे पहले भी उनकी मोटर, पाइप, भैंसे और फसल चोरी कर चुके हैं। पुलिस की इसी उदासीनता और न्याय न मिलने की टीस से व्यथित होकर जब पीड़ित परिवार मां राधा बाई के साथ एसपी आॅफिस में लिखित शिकायत दे रहा था, तभी मुकेश यादव ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद कुछ साल पुराना है जब यादव परिवार का एक लड़का आरोपियों के परिवार की लड़की को भगा ले गया था, तब से दोनों परिवारों में रंजिश चली आ रही है।
