
सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, फरार वारंटियों की धरपकड़ तथा आपराधिक एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिनांक 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कांबिंग गश्त एवं विशेष कार्रवाई की गई। कांबिंग गश्त के दौरान सीधी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 17 स्थाई वारंट एवं 32 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 49 वारंट तामील किए। सभी 49 वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस टीमों द्वारा 43 गुंडा बदमाशों एवं 27 निगरानी बदमाशों सहित कुल 70 बदमाशों की चेकिंग की गई। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्यवाही, 77 प्रकरण दर्ज-
अभियान के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा 86 हजार रुपये कीमत की कुल 342 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 77 अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। सीधी पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की चेकिंग तथा अवैध शराब सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।
