
ग्वालियर। पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से शहर के सांदीपनि पद्मा विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में चार श्रमिकों को चोटें आई हैं। सभी घायल मरीजों को उपचार के लिये जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुँचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर, रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा और घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई गई।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अनंत कुमार सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जाँच कराने के लिये कहा। प्रबंध निदेशक सिंह द्वारा चीफ प्रोजेक्ट इंजीनियर के नेतृत्व में तकनीकी दल तत्परता से भेजने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
पद्मा विद्यालय में निर्माणाधीन कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में जिन चार श्रमिकों को चोटें आई हैं, उनमें हरिराम बंसल 38 वर्ष निवासी दमोह, राजेश 30 वर्ष निवासी दमोह, रामझरोखा 38 वर्ष निवासी कोरबा छत्तीसगढ व दिलेश्वर 25 वर्ष निवासी कोरबा छत्तीसगढ शामिल हैं।
