दीपावली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पटाखे जब्त

विशेष संवाददाता भोपाल। दीपावली के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आगजनी एवं विस्फोट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में 10 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की है।

अभियान के तहत अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से रिहायशी इलाकों में असुरक्षित तरीके से पटाखों के भंडारण पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। विभिन्न जिलों में पुलिस टीमों ने दुकानों, गोदामों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई में सागर जिला सबसे आगे रहा, जहां 100 से अधिक स्थानों पर एक साथ जांच कर करीब 29.71 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए गए। छतरपुर में 6.70 लाख रुपये और मुरैना में 3.19 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की गई।

इंदौर पुलिस ने बिना लाइसेंस के रखे 197 कार्टन पटाखे बरामद किए, जिनकी कीमत 2.62 लाख रुपये है। दतिया में करीब 60 किलोग्राम बारूद सहित विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। वहीं, ग्वालियर में अवैध पटाखों के साथ 58 कार्बाइड बंदूकें और पोटाश के पैकेट बरामद किए गए। उज्जैन और श्योपुर में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने नागरिकों से केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से पटाखे खरीदने और कार्बाइड बंदूकों जैसे खतरनाक उपकरणों से दूर रहने की अपील की है।

Next Post

त्यौहार पर बढ़ेगी यात्रियों की आवाजाही, एयरपोर्ट तैयार

Mon Oct 26 , 2026
ग्वालियर। दिवाली नजदीक आते ही ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल ग्वालियर पर हवाई यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। दशहरे के बाद यात्री ट्रैफिक में 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं एडवांस बुकिंग में भी तेजी आई है। त्योहार के दौरान यात्रियों को […]

You May Like