बैतूल: दीपावली पर्व के चलते शहर में कचरे की मात्रा में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सामान्य दिनों में जहां 30 से 35 टन कचरा निकलता है, वहीं अब यह बढ़कर 45 टन तक पहुंच गया है और अगले दो-तीन दिनों में 50 टन से अधिक होने की संभावना है। बढ़ते दबाव को देखते हुए नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था दोगुनी कर दी है। जिन वार्डों में कचरा अधिक निकल रहा है, वहां कचरा कलेक्शन गाड़ियों को दो बार भेजा जा रहा है और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अतिरिक्त मदद ली जा रही है।
शहर के 33 वार्डों में प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक गाड़ी निर्धारित है, लेकिन बढ़े कचरे के कारण कुछ क्षेत्रों में खाली जगहों पर कचरे के ढेर लग रहे हैं। वहीं, ओवरलोड वाहनों से सड़कों पर कचरा गिरने की समस्या भी सामने आ रही है। नगर पालिका ने ऐसे वाहनों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि त्योहार के दौरान शहर स्वच्छ और चमकता नजर आए।
