
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर की मांडवा बस्ती बिल्डिंग में रविवार शाम अपने ही घर की बालकनी में काम कर रहे मां-बेटे की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में मृतका का 12 साल का भतीजा भी बुरी तरह झुलस गया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा हाईटेंशन लाइन से लोहे का पाइप टकराने से हुआ है। इस घटना के बाद से कोहराम मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मांडवा बस्ती बिल्डिंग के रहने वाले देवेंद्र राजपूत की पत्नी सीता राजपूत (55) और उनका बेटा किशन राजपूत (23) रविवार शाम को घर की बालकनी में लोहे का सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान बालकनी के करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन से लोहे का पाइप अचानक छू गया। लोहे का पाइप हाईटेंशन तार के संपर्क में आते ही पूरी बालकनी में तेज रफ्तार से करंट फैल गया। सीता राजपूत और किशन राजपूत इसकी सीधी चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि दोनों को वहां से हटने या संभलने तक का मौका नहीं मिला और दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहीं पास में देवेंद्र राजपूत का 12 वर्षीय भतीजा बाबू उर्फ रियान राजपूत भी खड़ा था। वह भी इस करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन और पड़ोसी आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले गए जहां मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया गया जबकि घायल बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने का प्रयास कर रहे हैं। मां-बेटे की एक साथ हुई इस दर्दनाक मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरी कॉलोनी में मातम छाया हुआ है। स्थानीय लोगों में बालकनी के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर भी आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
