सतना : सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मंदाकिनी विहार कॉलोनी में बुधवार शाम लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुईं दीपमाला सिंह (50) का रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया. मृतका रीवा में पदस्थ जिला सहायक आबकारी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी थीं.
परिजनों के अनुसार मंगलवार को घर में शस्त्र पूजन किया गया था. बुधवार शाम दीपमाला सिंह मंदिर (पूजा स्थल) से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक उठाकर अलमारी में रखने जा रही थीं. इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली सीधे उनके पेट में जा लगी. गोली चलने की आवाज सुनकर घर में अफरा-तफरी मच गई. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पति देवेंद्र प्रताप सिंह और किराएदार गंभीर हालत में दीपमाला को तत्काल जिला अस्पताल ले गए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया था. बताया गया कि सहायक आबकारी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह अवकाश पर सतना आए हुए थे.
कमरे से 12 बोर बंदूक बरामद, दीवान पर मिले टूटे कांच
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने मकान का ताला खुलवाकर जांच-पड़ताल की. कमरे से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक बरामद की गई है. इसके अलावा किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे हुए कांच बिखरे मिले.
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को कमरे में न तो खून के निशान मिले और न ही कारतूस का खाली खोखा बरामद हुआ था. इसे देखते हुए पुलिस मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है. पुलिस टीम ने मकान में रह रहे किराएदारों से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं. फिलहाल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने मकान में ताला लगवाकर चाबी अपने कब्जे में ले ली है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
