आरबीआई ने ‘अनफीडिंग वर्ल्ड बैंक’ के खिलाफ दी चेतावनी; कहा इसके पास बैंकिंग लाइसेंस नहीं

नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय रिज़र्व बैंक ने एक सार्वजनिक सूचना में लोगों को “अनफीडिंग वर्ल्ड बैंक” नामक संस्था के साथ लेन-देन करने के प्रति आगाह किया है। आरबीआई ने कहा है कि इस संस्था के पास कोई बैंकिंग लाइसेंस नहीं है और इसमें जमा की गई राशि देश की जमा बीमा प्रणाली के तहत सुरक्षित नहीं है।

आरबीआई के पर्यवेक्षण विभाग, कानपुर द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, उस संस्था का ‘बैंक’ शब्द का उपयोग बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 के खंड सात का उल्लंघन करता है। नोटिस में इस संस्था की वेबसाइट की पहचान unfeedingworldbank.com के रूप में की गई है और बताया गया है कि इसे केंद्रीय बैंक से बैंकिंग कारोबार करने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है।

नोटिस में कहा गया है, “उक्त संस्था को न तो भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा बी.आर अधिनियम, 1949 के तहत कोई बैंकिंग लाइसेंस जारी किया गया है और न ही इसे भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा बैंकिंग कारोबार करने के लिए अधिकृत किया गया है।”

आरबीआई ने यह भी चेतावनी दी है कि ग्राहकों द्वारा इस संस्था के पास जमा की गई कोई भी राशि, जमा बीमा एवं ऋण गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) की बीमा सुरक्षा के दायरे में नहीं आएगी।

नोटिस में चेतावनी दी गई है कि जो कोई भी इस संस्था के साथ वित्तीय लेन-देन करेगा वह ऐसा अपने जोखिम और जिम्मेदारी पर करेगा। साथ ही, आम जनता को सलाह दी गई है कि वे बैंकिंग या वित्तीय सेवाएं देने का दावा करने वाली संस्थाओं के प्रस्तावों पर प्रतिक्रिया देने से पहले सावधानी बरतें और पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर लें।

आरबीआई ने लोगों से कहा है कि वे यह जांच लें कि कोई संस्था बैंकिंग गतिविधियां करने के लिए अधिकृत है या नहीं; इसके लिए वे आरबीआई की वेबसाइट पर मौजूद बैंकों और पंजीकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की आधिकारिक सूची देख सकते हैं।

 

 

Next Post

वेज लिमिट बढ़कर हुई ₹25,000! जानिए 25 साल की नौकरी पर कितनी मिलेगी पेंशन और क्या है पूरा गणित

Sat Oct 24 , 2026
नयी दिल्ली, ईपीएफओ ने वेज लिमिट बढ़ाकर ₹25,000 कर दी है, जिससे 51 लाख अतिरिक्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। जानिए 25 साल की नौकरी पर कितनी पेंशन मिलेगी और इसका पूरा गणित। कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए ईपीएफओ (EPFO) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सरकार […]

You May Like