इंदौर:राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर देश के 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स की राष्ट्रीय रैली शुक्रवार को इंदौर पहुंची. 2600 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर पहुंची इस रैली में मध्यप्रदेश पुलिस का 7 सदस्यीय दल भी शामिल है. इंदौर पुलिस ने रैली का स्वागत कर ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ का संदेश दिया. रैली का अगला पड़ाव 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह है.
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में निकाली गई इस रैली के इंदौर आगमन पर डेली कॉलेज में स्वागत समारोह और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल हुए. रैली केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के समन्वय से आयोजित की जा रही है.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया नशामुक्ति का संदेश…
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कलाकारों ने मूक नाटक, मिमिक्री, शास्त्रीय नृत्य, रैप सॉन्ग और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम बताए. मिलेनियम स्कूल में आयोजित ड्राइंग और दिल्ली पब्लिक स्कूल निपनिया की स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया. ‘से नो टू ड्रग्स’ विषय पर तैयार पेंटिंग का अनावरण भी किया.
नशे से युवाओं को बचाने हर वर्ग की भागीदारी जरूरी
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह रैली केवल मोटरसाइकिल यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नशे के विरुद्ध जनजागरण का अभियान है. युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस के साथ अभिभावकों, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई.
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
डेली कॉलेज से रवाना हुई रैली व्हाइट चर्च चौराहा, जीपीओ चौराहा, भंवरकुआं चौराहा, राजीव गांधी चौराहा और गीताभवन होते हुए पलासिया सेल्फी पॉइंट पर समाप्त हुई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह और मयंक अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों ने रैली को फ्लैग ऑफ किया. राइडर्स विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त समाज का संदेश देते हुए एकता नगर की ओर बढ़ रहे हैं
