बोई हुई फसल के बीच ट्रैक्टर ले जाने पर खूनी संघर्ष 

चितरंगी । चितरंगी थाना क्षेत्र के बसाही गांव में बोई हुई फसल के बीच से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में जनजीवन लाल केवट के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपी हिरासत में हैं, जबकि एक आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना 22 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे की है। आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग फरियादी के खेत से होकर ट्रैक्टर ले जा रहे थे। खेत में फसल बोई होने के कारण जनजीवन लाल केवट ने उन्हें ट्रैक्टर निकालने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और चारों आरोपियों ने एक राय होकर कुल्हाड़ी एवं लाठियों से हमला कर दिया। हमले में जनजीवन के सिर पर गहरी चोटें आईं। मामले में सिद्धनाथ केवट, पिता रामनिहोर केवट, निवासी बसाही की रिपोर्ट पर आज 23 अक्टूबर को चितरंगी थाने में अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) 296 एवं 3(5)में प्रकरण दर्ज किया गया है।

आरोपियों की पहचान रामकिशन केवट, रामजी केवट, रामानंद केवट और दयाराम केवट के रूप में हुई है। सभी बसाही गांव के निवासी और फरियादी पक्ष के चचेरे भाई बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपी हिरासत में हैं, जबकि रामकिशन केवट अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

००००००

Next Post

ग्रामीण कांग्रेस में बदलाव की सुगबुगाहट

Fri Oct 23 , 2026
सिंगरौली । जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ग्रामीण की राजनीति में इन दिनों पर्दे के पीछे सियासी गतिविधियां तेज होने की चर्चाएं हैं। वर्तमान जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सरस्वती सिंह की संगठनात्मक पकड़ को कमजोर करने की कोशिशों की अटकलों के बीच नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। […]

You May Like